महाकुंभ: आस्था का विराट संगम, अमृत स्नान का अलौकिक दृश्य; सबसे पहले इस अखाड़े के नागा साधुओं ने किया स्नान

महाकुंभ2025

 14 जनवरी 2025:

महाकुंभ मेला: पौष पूर्णिमा पर आरंभ हुए महाकुंभ 2025 में आज पहला अमृत स्नान (शाही स्नान) संपन्न हो रहा है। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर कई अखाड़ों के नागा साधुओं ने संगम में पवित्र डुबकी लगाई। महाकुंभ के अमृत स्नान में सबसे पहले महानिर्वाणी अखाड़े के नागा साधुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। संगम तट पर अमृत स्नान का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष के साथ श्रद्धालु भी आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।

स्नान क्षेत्र की ओर जाने वाले अखाड़ा मार्ग पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू है। पुलिस, पीएसी, अखाड़ों के साथ घुड़सवार पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। अमृत स्नान के लिए अखाड़ों के संतों एवं नागाओं के स्नान का समय निर्धारित किया गया है। सबसे पहले महानिर्वाणी एवं अटल अखाड़े के संतों ने स्नान किया। शिविर से इस अखाड़े के संतों ने सुबह करीब सवा पांच बजे प्रस्थान किया और संगम तट पर सवा छह बजे पहुंचकर लगभग 40 मिनट तक अमृत स्नान किया।

इसके बाद निरंजनी एवं आनंद अखाड़े के संतों ने प्रातः 7:05 बजे स्नान किया। इसी क्रम में जूना, आवाहन एवं पंच अग्नि अखाड़ों के संतों ने एक साथ सुबह 8:00 बजे स्नान किया। महानिर्वाणी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञान पुरी ने अमृत स्नान किया। स्नान के उपरांत उन्होंने कहा, “यहां अपार भीड़ है, लेकिन सब कुछ जिस तरह से प्रवाहित हो रहा है, वह अद्भुत है। हर कोई पवित्र स्नान के लिए स्थान ढूंढ़ लेता है। यह दृश्य सिर्फ यहीं देखने को मिल सकता है।”

नागा संन्यासियों की चरण रज लेने के लिए श्रद्धालुओं ने अखाड़ा मार्ग पर देर रात से ही डेरा डाल दिया था। सुरक्षा कर्मियों ने कई बार उन्हें हटाने का प्रयास किया, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था के चलते वे पुनः वहां एकत्रित हो गए। मध्य प्रदेश के निवाड़ी से आए राजकुमार और उनकी पत्नी उर्मिला सहित परिजनों ने कहा कि यह अवसर वर्षों बाद मिलता है। वे चरण रज लेकर अपने गांव लौटेंगे।

मकर संक्रांति के पर्व पर मंगलवार को अखाड़ों का अमृत स्नान लगभग साढ़े नौ घंटे तक चलेगा। शिविर से प्रस्थान और वापसी में 12 घंटे से अधिक का समय लग सकता है। अखाड़ों के निकलने वाले मार्गों के दोनों ओर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *